Ambedkar Nagar News: जलालपुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक की पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी एक युवक को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जलालपुर की गल्ला मंडी में रामलीला का आयोजन किया जाता है। 16 अक्टूबर की रात एक युवक रामलीला देखने पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस युवक की पिटाई करने लगी। वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो 23 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, अब तक युवक की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दिए जाने की बात सामने आई है।
वहीं, पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने युवक की पहचान और विवाद के वास्तविक कारण के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें