>उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेसवे प्रदेश की नई पहचान दिलाने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज ₹7,283 करोड़ की लागत से बने 91.352 किलोमीटर लंबे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच फूलपुर, सलारपुर में सीएम योगी ने फीता काटकर इस एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित किया और इसके जरिए गोरखपुर के लिए रवाना हुए।
>जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पहले आजमगढ़ पहचान के संकट से जूझता था, लेकिन अब यह अदम्य साहस और विकास का प्रतीक बन चुका है। यह एक्सप्रेसवे पूर्वांचल के चार प्रमुख जिलों — आजमगढ़, अंबेडकरनगर, संत कबीर नगर और गोरखपुर — को वर्ल्ड क्लास कनेक्टिविटी से जोड़ता है।”
उत्तर प्रदेश: बीमारू से बना एक्सप्रेसवे प्रदेश
>मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि 2017 से पहले राज्य में केवल दो अधूरे एक्सप्रेसवे थे, लेकिन डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अब बुंदेलखंड, पूर्वांचल, और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे चालू हो चुके हैं। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे, बलिया लिंक, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जैसे छह और प्रोजेक्ट निर्माणाधीन हैं।
>“अब उत्तर प्रदेश में 16 एयरपोर्ट और फोरलेन कनेक्टिविटी के साथ राज्य निवेश और रोजगार का नया केंद्र बन रहा है,” सीएम ने कहा।
विकास नहीं, डी-कंपनी पालती थीं पुरानी सरकारें: योगी का विपक्ष पर हमला
>सीएम योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “2017 से पहले की सरकारें विकास के बजाय डी-कंपनी और दाऊद गिरोह को बढ़ावा देती थीं। आजमगढ़ को आतंक की छवि में ढाल दिया गया था।” उन्होंने कहा कि अब ऐसा दुस्साहस कोई नहीं कर सकता क्योंकि “जो भी सुरक्षा में सेंध लगाएगा, उसे यमराज का टिकट पहले से बुक मिलेगा।”
युवाओं को रोजगार, जिले को नई पहचान
>सीएम योगी ने कहा कि पुलिस में 60,244 नई भर्तियों के साथ 12,045 बेटियों को भी बिना किसी सिफारिश के नौकरी मिली है। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं जिससे युवाओं को अपने गांव में ही रोजगार मिलेगा।
>“आज निरहुआ और नीलम सोनकर जैसे जनप्रतिनिधियों के कारण आजमगढ़ विकास की मुख्यधारा में शामिल हो गया है। अब यह जिला साड़ी, ब्लैक पॉटरी और संगीत घराने की नई पहचान के साथ सामने आ रहा है।”
गौरव का क्षण: योगी ने देखी एक्सप्रेसवे की प्रदर्शनी
>कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने एक्सप्रेसवे से संबंधित सैंड मॉडल और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मंच पर वाराणसी के चंद्रशेखर गोस्वामी द्वारा सीएम की कार्यशैली पर आधारित गीत प्रस्तुत किया गया। इस दौरान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, अनिल राजभर, दारा सिंह चौहान, नंद गोपाल नंदी, गिरीश चंद्र यादव सहित कई प्रमुख मंत्री व विधायक मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें