सपा विधायक रमाकांत यादव को मिली एक साल की सजा

UP News: कभी पूर्वांचल की सियासत में बाहुबली कहलाने वाले सपा विधायक रमाकांत यादव अब अदालत के शिकंजे में आ गए हैं। 2016 के पुराने मामले में आया यह फैसला समाजवादी खेमे के लिए बड़ा झटका साबित हुआ है।


>उत्तर प्रदेश की सियासत में ‘बाहुबली’ छवि वाले समाजवादी पार्टी के विधायक रमाकांत यादव को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने एक साल की सजा और ₹2700 का जुर्माना लगाया है। यह फैसला 2016 में सरकारी कार्य में बाधा और जाम लगाने के एक पुराने मामले में आया है। जज अनुपम त्रिपाठी ने इस केस की लंबी सुनवाई के बाद सोमवार को फैसला सुनाया।


>क्या है मामला?
यह पूरा मामला 2016 में आजमगढ़ की अम्बारी पुलिस चौकी से जुड़ा है। उस समय ब्लॉक प्रमुख चुनाव चल रहे थे। पुलिस ने नगदी के साथ एक व्यक्ति जयप्रकाश यादव को हिरासत में लिया था। इसकी जानकारी मिलते ही सपा विधायक रमाकांत यादव अपने 200 से अधिक समर्थकों के साथ चौकी पहुंच गए और हंगामा व जाम लगाया। पुलिस ने आरोप लगाया कि उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा, धमकी देने और जाम लगाने जैसी गतिविधियां कीं। इसी आधार पर उनके खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।


>लंबे समय से चल रही सुनवाई के बाद कोर्ट ने रमाकांत यादव को दोषी पाया और एक साल की सजा के साथ ₹2700 का जुर्माना लगाया। वहीं, चार अन्य आरोपियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया।


>फैसले के बाद सपा नेताओं ने कहा कि यह राजनीतिक प्रतिशोध का मामला है और विधायक के खिलाफ साजिश के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करेगी।


>कौन हैं रमाकांत यादव?
रमाकांत यादव पूर्वांचल की राजनीति का बड़ा नाम हैं। उन्हें क्षेत्र में ‘बाहुबली नेता’ के रूप में जाना जाता है। वे 1985 से राजनीति में सक्रिय हैं और चार बार आजमगढ़ से सांसद रह चुके हैं। वर्तमान में फूलपुर-पवई सीट से विधायक हैं। रमाकांत यादव पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वे फिलहाल 2023 के जहरीली शराब कांड में फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं। उन्हें समाजवादी पार्टी के मुलायम परिवार का करीबी माना जाता है।


 

टैग्स :  

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें