बस्ती में दिल दहला देने वाली वारदात, रसगुल्ला खाने पर बच्चे को तंदूर में फेंका

शादी समारोह में हुई घटना, 11 साल का मासूम गंभीर रूप से झुलसा; आरोपी फरार

 

 

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक शादी समारोह के दौरान 11 वर्षीय बच्चे के साथ हुई क्रूरता की घटना सामने आई है। छावनी थाना क्षेत्र के मलौली गोसाई गांव में एक कारीगर ने कथित तौर पर बच्चे को जलते तंदूर में फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

 

पुलिस के अनुसार, गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र के दुर्जनपुर निवासी 11 वर्षीय चमन अपनी मां के निधन के बाद बस्ती के बाघानाला स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। बुधवार को वह अपनी नानी के साथ एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने मलौली गोसाई गांव पहुंचा था।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समारोह के दौरान बच्चा भोजन स्थल पर पहुंचा और वहां रखे रसगुल्ले खाने लगा। आरोप है कि बार-बार रसगुल्ला लेने पर कैटरिंग से जुड़े कारीगर ने गुस्से में आकर पहले बच्चे को डराया और फिर उसे उठाकर जलते तंदूर की ओर ले गया, जहां वह तंदूर के अंदर गिर गया।

 

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह चेहरे से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलस चुका था। पहले उसे अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

 

घटना के बाद आरोपी कारीगर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।  डीएसपी स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

 


 

टैग्स :  बस्ती, क्राइम न्यूज, बस्ती तंदूर काण्ड

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें