Aaj Ka Mausam 28 October: चक्रवात ‘अर्णब’ के असर से उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग ने 28 से 31 अक्टूबर तक यूपी के कई जनपदों में बेमौसम बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, विंध्य क्षेत्र और मध्यांचल में चक्रवात के असर के चलते मौसम में बदलाव होगा। बारिश और तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले तीन दिनों में मौसम के करवट लेने से 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पारा नीचे गिरने की संभावना है।
राजधानी लखनऊ में गुरूवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। 29 से 31 अक्टूबर के बीच राजधानी लखनऊ में भी चक्रवात ‘अर्णब’ के असर के चलते हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी, भदोही, चंदौली, गाजीपुर और बलिया में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही इन क्षेत्रों में व्रजपात होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग की ओर से इन जनपदों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गुरूवार (29 अक्टूबर) को यूपी के कई जनपदों में भारी से अत्यधिक बारिश की भी संभावना है। 29 अक्टूबर को सोनभद्र, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, चित्रकूट, भदोही और जौनपुर समेत आसपास के इलाकों में भारी वर्षा होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर में भी बारिश के आसार है।
वहीं 30 अक्टूबर (शुक्रवार) को पूर्वांचल, अवध और तराई के क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहेगा। पीलीभीत, बरेली और शाहजहांपुर में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम में बदलाव से आने वाले तीन दिनों में तापमान में भारी गिरावट होगी। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने आम लोगों और किसानों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जारी दिशा-निर्देश के मुताबिक तेज हवाएं चलने के दौरान पक्के भवनों में शरण लेने की सलाह दी गयी है। साथ ही आम जनमानस से यह अपील की गयी है कि तेज हवाओं के चलने से बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। साथ ही मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से भी बचे। व्रजपात के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के पास न जाएं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें