दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके के माउंट कैलाश में 18 जून को सामने आए घरेलू सहायिका हत्या मामले में पुलिस ने त्वचा विशेषज्ञ डॉ. मनीष गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने पिछले 15 वर्षों से परिवार के साथ काम कर रही 45 वर्षीय मीना की हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मीना रोज की तरह सुबह करीब 10:30 बजे काम पर पहुंची थीं। कपड़े धोने के बाद वह छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। करीब 11:20 बजे सामने वाले टावर की एक निवासी ने उन्हें खून से लथपथ अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची अमर कॉलोनी थाना पुलिस ने महिला को मृत पाया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले बैट से हमला किया और बाद में रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से वार किया। पुलिस ने मौके से खून से सना बैट और चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी सीढ़ियों पर बैठा मिला। पुलिस के पहुंचने पर उसने कथित तौर पर कहा, "मुझे फांसी दे दो।" पूछताछ के दौरान आरोपी ने घरेलू सहायिका को हटाने को लेकर परिवार में चल रहे विवाद और मानसिक तनाव का जिक्र किया।
पुलिस के अनुसार, डॉ. मनीष गुप्ता और उनकी पत्नी के बीच मीना को काम से हटाने के मुद्दे पर मतभेद थे। आरोपी की पत्नी घरेलू सहायिका को परिवार में बनाए रखना चाहती थीं, जबकि डॉक्टर इसके पक्ष में नहीं थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय डॉक्टर की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थीं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले कई वर्षों से अवसाद और ऑब्सेसिव-कंपल्सिव डिसऑर्डर का इलाज करा रहा था। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि क्या हाल के दिनों में दवाइयों का सेवन नियमित रूप से किया जा रहा था या नहीं।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना की रहने वाली मीना पिछले करीब 15 वर्षों से गुप्ता परिवार के साथ काम कर रही थीं। परिवार के कठिन समय में भी उन्होंने उनकी देखभाल की थी। उनके परिवार में पति और बेटा हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें