गाजियाबाद के मुरादनगर से रिश्तों में दरार और कथित साजिश का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर कार से कुचलकर जान लेने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि टक्कर मारने के बाद आरोपितों ने उसके साथ मारपीट भी की। शिकायत के बाद जब दोनों पक्ष थाने पहुंचे तो वहां करीब आधे घंटे तक हाईवोल्टेज हंगामा चलता रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित युवक के अनुसार, उसका अपनी पत्नी के साथ पिछले करीब दो वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी वजह से उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही है। मंगलवार दोपहर युवक किसी काम से बाइक पर सवार होकर गाजियाबाद जा रहा था। इसी दौरान उखलारसी बंबे के पास पीछे से आई एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक बाइक समेत सड़क किनारे जा गिरा, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई।
युवक का आरोप है कि जब उसने संभलकर देखा तो टक्कर मारने वाली कार में उसकी पत्नी, उसका कथित प्रेमी और कुछ अन्य लोग बैठे हुए थे। आरोप है कि विरोध करने पर सभी कार से नीचे उतरे और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने इस घटना को सुनियोजित हमला बताते हुए पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद घायल युवक मुरादनगर थाने पहुंचा और लिखित शिकायत देकर पत्नी तथा उसके कथित प्रेमी पर कार से कुचलकर हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया। दोनों पक्षों के थाने पहुंचने के बाद माहौल गर्म हो गया। पुलिस के सामने पति-पत्नी के बीच तीखी बहस और हंगामा हुआ, जो करीब आधे घंटे तक चलता रहा। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया और उनके बयान दर्ज किए।
मामले को लेकर मसूरी के सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें