शवगृह में चादर हटाते ही सामने आया बेटे का चेहरा, सीएचसी कर्मचारी पिता हुए बेसुध

लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 30 वर्षीय युवक की मौत, पत्नी को मायके छोड़कर लौट रहा था घर।

 

हैदरगढ़ (बाराबंकी), संवाददाता।  लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  हैदरगढ़ में तैनात उसके पिता उस समय बेसुध होकर गिर पड़े, जब उन्होंने शवगृह में रखे अज्ञात शव का चेहरा देखा और वह उनके बेटे का निकला। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया।

 

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत हैदरगढ़ के लोहिया वार्ड निवासी सुनील सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। उनका 30 वर्षीय पुत्र अमन शुक्रवार को अपनी पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटे को लखनऊ स्थित मायके छोड़ने गया था। देर रात वह बाइक से वापस घर लौट रहा था। बताया गया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे हैदरगढ़ क्षेत्र में लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर गोतौना गांव के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पहचान न होने के कारण शव को शवगृह में रखवा दिया गया। इसी दौरान सीएचसी में ड्यूटी पर मौजूद सुनील को सड़क हादसे की सूचना मिली। वह अज्ञात मृतक की पहचान के लिए शवगृह पहुंचे। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि हादसे का शिकार उनका अपना बेटा है। जैसे ही उन्होंने शव पर पड़ी चादर हटाकर चेहरा देखा, वह स्तब्ध रह गए। सामने उनके पुत्र अमन का शव था। यह दृश्य देखकर वह वहीं अचेत होकर गिर पड़े।

 

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए। पत्नी को भी सूचना दी गई, जिसके बाद वह अपने मासूम बेटे के साथ मायके से वापस लौट आई। परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है। हैदरगढ़ कोतवाल अनिल कुमार पांडे ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


 

टैग्स :  हैदरगढ़, सड़क हादसा, लखनऊ सुलतानपुर हाईवे

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर पौधरोपण, स्वतंत्र देव सिंह ने गिनाईं केंद्र सरकार के 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियां
'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में रामनगर की भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
बड़ा मंगल पर बाराबंकी में श्रद्धा का उत्साह, भंडारों में दिनभर लगी श्रद्धालुओं की कतारें
कंप्यूटर लैब से एचपीवी टीकाकरण तक, बाराबंकी की बेटियों के लिए राज्यपाल की नई पहल
मुख्तार के करीबी जफर उर्फ चंदा को अदालत से झटका, गाजीपुर की कुर्क संपत्ति रहेगी जब्त
बाराबंकी जिला बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह, न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी ने हड़ताल से बचने की दी सलाह
बड़े मंगल पर प्रशासनिक अधिकारियों का अलग अंदाज, डीएम-एसपी ने भक्तों को कराया प्रसाद ग्रहण
अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं गरीब कल्याण योजनाएं - बोले सतीश शर्मा
बाराबंकी जिला बार एसोसिएशन चुनाव में रमन द्विवेदी की मिली बड़ी जीत, 297 मतों से बने अध्यक्ष