कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बिछिया बीट क्षेत्र में मंगलवार सुबह वन विभाग की टीम को पेट्रोलिंग के दौरान एक करीब 10 वर्षीय नर हाथी का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ के नेतृत्व में वन कर्मियों की टीम नियमित गश्त पर निकली थी। इसी दौरान संरक्षित वन क्षेत्र के भीतर एक नर हाथी मृत अवस्था में पड़ा मिला। टीम ने तुरंत इसकी सूचना रेंज कार्यालय को दी, जिसके बाद उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर आर. राजामोहन और प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में पशु चिकित्सकों की टीम ने हाथी के शव का पोस्टमार्टम किया। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए बरेली स्थित प्रयोगशाला भेजने की तैयारी की है, जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले करीब ढाई महीने से इस इलाके में हाथियों की गतिविधि बढ़ी हुई है। ऐसे में किसी बीमारी, आपसी संघर्ष या अन्य कारणों से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है और आसपास के जंगलों में निगरानी तेज कर दी गई है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें