लखीमपुर जिले में नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया हादसा इतना भयावह था कि नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब आठ बजे लखीमपुर से सिसैया मार्ग पर अदलीसपुर गांव के पास हुआ। मैजिक वाहन में सवार सभी यात्री लखीमपुर से मजदूरी कर अपने गांव नानपारा लौट रहे थे। इसी दौरान बहराइच की ओर से आ रहे ट्रक से वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर हल्ला मच गया और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया भेजा गया। चिकित्सकों ने वहां नो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों का उपचार शुरू किया गया। बाद में एक और घायल की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था, जबकि ट्रक बहराइच की तरफ से आ रहा था। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की भिड़ंत को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
भीषण सड़क हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया। घटनास्थल पर देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और मृतकों के परिजनों के पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें