उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी में बढ़ते प्रदूषण और शहर में फैली गंदगी के विरोध में एक सामाजिक कार्यकर्ता ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक शर्मा शुक्रवार को कॉकरोच का रूप धारण कर नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। उनके इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नगर निगम परिसर में पहुंचे दीपक शर्मा कॉकरोच की तरह सीढ़ियों पर रेंगते हुए नजर आए। इस दौरान वह नाचते और गाते हुए अधिकारियों का ध्यान यमुना प्रदूषण और सफाई व्यवस्था की ओर आकर्षित करने का प्रयास करते दिखे। अचानक हुए इस प्रदर्शन को देखकर निगम कार्यालय के कर्मचारी, अधिकारी और वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।
दीपक शर्मा ने आरोप लगाया कि यमुना नदी में लगातार गंदे नालों का पानी छोड़ा जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन में वर्षों से यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई बड़ा सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा, यमुना प्रदूषण और शहर की गंदगी से मुंह मोड़े बैठे नाकारा अधिकारियों की आंखें खोलने के लिए मुझे यह रूप धारण करना पड़ा। जब हम जैसे युवा तथ्य लेकर न्यायालय जाते हैं, तब ऊंचे पदों पर बैठे जिम्मेदार लोग हमें ‘कॉकरोच’ कहकर मुद्दे को नजरअंदाज करते हैं।
दीपक शर्मा का यह प्रदर्शन ऐसे समय में सामने आया है जब सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी नाम से चल रहे व्यंग्यात्मक अभियान की चर्चा हो रही है। हाल ही में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भी इस नाम से सोशल मीडिया पर अभियान चलाया गया था।
बताया जा रहा है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नामक यह व्यंग्यात्मक मंच उस विवाद के बाद चर्चा में आया, जिसमें भारत के प्रधान न्यायाधीश द्वारा सुनवाई के दौरान की गई टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। बाद में उन टिप्पणियों को लेकर स्पष्टीकरण भी जारी किया गया था।
नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन के दौरान दीपक शर्मा ने कहा कि यदि समय रहते यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में कई स्थानों पर खुलेआम गंदे नालों का पानी यमुना नदी में गिर रहा है। उन्होंने कहा, हम ब्रजवासी यमुना का आचमन करते हैं। लेकिन वर्षों से केवल वादे किए जा रहे हैं। अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
प्रदर्शन के दौरान दीपक शर्मा ने अधिकारियों का ध्यान खींचने के लिए उनकी गाड़ियों के सामने भी प्रदर्शन किया। हालांकि, मौके पर किसी अधिकारी की ओर से सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। बाद में उन्होंने ज्ञापन सौंपा और वहां से लौट गए।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें