UP News: सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मंगलवार को मथुरा के फरह ब्लॉक स्थित परखम गांव के ‘गो ग्राम’ पहुंचे। सीएम योगी ने यहां विधि-विधान के साथ गायों की पूजा की। साथ ही गोपाष्टमी महोत्सव में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने गोग्राम में गायों को तिलक लगाया, उनके गले में माला पहनाई। इसके बाद अपने हाथों से गुड़ तथा हरा चारा खिलाया। इस दौरान विशेष रूप से सजाई गई देसी गाय की पूजा आकर्षण का केंद्र रही। गाय के सींगों पर मोरपंख लगाए गए थे। मुख्यमंत्री योगी ने गाय की आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद लिया।
गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ा हुआ है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक भगवान श्रीकृष्ण गोपाष्टमी के दिन ही पहली बार गायों को चराने के लिए वन गये थे। इसी के चलते ब्रज क्षेत्र में इस त्योहार का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गोपूजन कर पारंपरिक धार्मिक परंपराओं में सहभागिता की। गोपूजन से पहले सीएम योगी ने निर्धारित कार्यक्रम के तहत दीनदयाल गो विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का भी भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गाय के गोबर और गोमूत्र से तैयार किए जा रहे विभिन्न जैविक एवं गोमय उत्पादों का अवलोकन किया। उन्हें इन उत्पादों की उपयोगिता और तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। राज्य में गो संरक्षण और संवर्धन से जुड़े प्रयासों के बीच गोपाष्टमी का आयोजन महत्वपूर्ण रहा। गो ग्राम में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से गोसेवा, गो आधारित उत्पादों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी गई।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें