मेरठ के लोहियानगर क्षेत्र में एक महिला ने पति के इलाज का झांसा देकर होटल में बुलाने, नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 7.70 लाख रुपये भी ले लिए गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दो टीमें हापुड़ भेजी हैं।
पुलिस के अनुसार, लोहियानगर क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला रविवार को अपने अधिवक्ता के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसका पति मानसिक रूप से बीमार है। इसी दौरान उसके पति के हापुड़ निवासी मित्र समीरउद्दीन का उनके घर आना-जाना शुरू हुआ। महिला का आरोप है कि समीरउद्दीन ने उसके पति का इलाज कराने का भरोसा दिलाया और धीरे-धीरे उसके संपर्क में आ गया। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने उसे भरोसे में लेकर शादी का प्रस्ताव भी दिया। महिला ने बताया कि 21 मार्च को आरोपी ने उसे फोन कर बेगमपुल बुलाया।
आरोप है कि इसके बाद समीरउद्दीन उसे लाभ महल होटल लेकर गया, जहां पहले से नासिर नामक युवक मौजूद था। महिला का कहना है कि समीरउद्दीन ने नासिर को डॉक्टर बताते हुए उसके पति के इलाज की बात कही। इसी दौरान उसे नशीली कोल्डड्रिंक पिलाई गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बना लिया।
महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करते रहे। इसी दबाव में उससे घर में रखे 7.70 लाख रुपये भी ले लिए गए। महिला का यह भी आरोप है कि अब शिकायत करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले में पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संबंधित होटल की वीडियो फुटेज की जांच की गई, लेकिन वह डिलीट मिली है। इसके बाद कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है।
सीओ सदर कैंट नवीना शुक्ला ने बताया, पीड़िता की तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। लाभ महल होटल की वीडियो फुटेज देखने पर वह डिलीट मिली। पुलिस टीम सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश में दो टीमें हापुड़ भेजी गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें