>फिरोजाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहाँ मंगलवार को लापता हुई 8 वर्षीय बच्ची की लाश गुरुवार को एक बोरे में मिली। यह बोरा आरोपी के घर में ईंटों के ढेर के बीच छिपा हुआ था। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी कौशल कुशवाहा भी शामिल है।
>मुख्य आरोपी को पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। उसके तीन अन्य परिजनों को भी सबूत मिटाने और सहयोग देने के आरोप में पकड़ा गया है।
>हाथरस की रहने वाली मासूम बच्ची अपनी नानी और मामा के घर फिरोजाबाद आई थी। मंगलवार शाम वह अचानक लापता हो गई। परिवार ने बुधवार को नरखी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि बच्ची को पास के ही एक शख्स ने 200 मीटर दूर स्थित दुकान से चाइनीज खाना लाने भेजा था।
>दुकानदार ने पुष्टि की कि बच्ची पैसे लेकर दुकान तक आई थी। पुलिस की पड़ताल में पता चला कि बच्ची को भेजने वाला युवक कौशल कुशवाहा था, जो गांव में ही लड़की के रिश्तेदारों के घर से कुछ दूरी पर रहता है। कौशल पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका था और हाल ही में ज़मानत पर बाहर आया था। वह शराब का आदी है।
>पूछताछ के दौरान कौशल ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि उसने बच्ची का गला घोंटकर हत्या कर दी थी। फिर उसने शव को बोरे में भरकर अपने घर में ईंटों के ढेर के नीचे छिपा दिया और बच्ची की सोने की चेन अलग जगह रख दी।
>बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के कारण और किसी भी तरह की यौन हिंसा की पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।
>एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने कहा कि “पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया। उसके द्वारा अपराध स्वीकारने के बाद शव बरामद किया गया। आरोपी की हरकत निंदनीय और जघन्य है, ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें