उत्तर प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में जुलाई का महीना केवल नियमित पठन-पाठन तक सीमित नहीं रहेगा। इस दौरान छात्रों के शैक्षणिक मूल्यांकन, बोर्ड परीक्षा से जुड़ी प्रक्रियाओं, छात्रवृत्ति आवेदन, डिजिटल शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और विभिन्न जागरूकता अभियानों सहित कई गतिविधियां एक साथ संचालित की जाएंगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जुलाई के शैक्षणिक कैलेंडर के तहत पूरे महीने चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की है।
कैलेंडर के अनुसार विद्यालयों में नियमित कक्षाओं के साथ-साथ विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आकलन, तकनीकी दक्षता, जीवन कौशल और सामाजिक सहभागिता को बढ़ाने वाली गतिविधियों पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाएगा। विभाग का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न आयामों को विद्यालयी गतिविधियों का हिस्सा बनाना है।
जुलाई के दौरान कक्षा 9 से 12 तक प्रवेश संबंधी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इसके साथ ही कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों के विवरण का सत्यापन कर बोर्ड परीक्षा आवेदन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। कक्षा 11 के विद्यार्थियों का पंचम पोर्टल पर पंजीकरण भी इसी अवधि में कराया जाएगा।
विद्यालयों में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। साथ ही पात्र विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन भी भरवाए जाएंगे, ताकि वे निर्धारित योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।
शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार जुलाई के दूसरे सप्ताह में कक्षा 9 से 12 तक प्रथम यूनिट टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। इन परीक्षाओं में मई माह के गृहकार्य के मूल्यांकन के साथ अप्रैल से जुलाई के प्रथम सप्ताह तक पढ़ाए गए पाठ्यक्रम के आधार पर विद्यार्थियों की सीखने की प्रगति का आकलन किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक अनुश्रवण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
जुलाई के दौरान विद्यालयों में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस, विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान, वन महोत्सव और सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसिलिंग और साइकोमेट्रिक टेस्ट भी प्रस्तावित हैं, जिनका उद्देश्य उन्हें भविष्य की शैक्षणिक और व्यावसायिक संभावनाओं के प्रति जागरूक करना है।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संघ की सामान्य सभा और कार्यकारिणी का गठन भी जुलाई के दौरान किया जाएगा। 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को अरुणाचल प्रदेश और मेघालय की संस्कृति, लोक परंपराओं तथा सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जाएगा।
इसके अलावा स्काउट-गाइड गतिविधियां, योग, खेलकूद, प्रार्थना सभा आधारित प्रेरक कार्यक्रम और डिजिटल शिक्षण गतिविधियां भी आयोजित होंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
निदेशक, माध्यमिक शिक्षा प्रताप सिंह बघेल ने कहा कि जुलाई का शैक्षणिक कैलेंडर विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई के साथ मूल्यांकन, डिजिटल शिक्षा, छात्रवृत्ति, खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण, करियर मार्गदर्शन और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को समान महत्व दिया गया है। उनका कहना था कि प्रयास है कि प्रत्येक विद्यालय कैलेंडर का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करे, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक कौशल और अवसर भी मिल सकें।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें