फर्नीचर से लेकर फ्री बस तक, सहारनपुर को CM योगी का तोहफा


>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में ₹381 करोड़ की लागत से बनीं 15 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए एक नया संदेश दिया “डबल इंजन की सरकार भैंसा गाड़ी नहीं, बल्कि बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ रही है।” उन्होंने कहा कि दशकों तक उपेक्षित रहे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस कोने में अब विकास की गूंज, संस्कृति का गौरव, और संभावनाओं की उड़ान दिखाई दे रही है।


>मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सहारनपुर केवल भौगोलिक कोना नहीं, बल्कि राज्य के विकास मानचित्र का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, मां त्रिपुरी बाला सुंदरी स्थल, और जाहर वीर गोगा आश्रम के कायाकल्प को संस्कृति और विरासत के पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।


>मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और रेल कनेक्टिविटी में सुधार के चलते अब दिल्ली से सहारनपुर की दूरी सिर्फ तीन घंटे में तय की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह केवल सड़क नहीं, बल्कि संभावनाओं का नया रास्ता है।


>सीएम योगी ने ऐलान किया कि प्रदेश के हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू किए जाएंगे। सहारनपुर में एक विशेष खेल परिसर और मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण चल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच मिलना चाहिए।


>मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी और हस्तशिल्प को अगर पूर्ववर्ती सरकारों ने बढ़ावा दिया होता तो यह इटली के फर्नीचर को भी मात दे सकता था। उन्होंने ओडीओपी योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के जरिए स्थानीय कारीगरों को वैश्विक मंच देने का भरोसा जताया।


>रक्षा बंधन के अवसर पर 8, 9 और 10 अगस्त को महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल सुविधा नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा का संदेश है।


>मुख्यमंत्री ने 15 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’, तिरंगा यात्रा, राष्ट्रगान और स्वच्छता अभियान में सहभागिता की अपील की। उन्होंने काकोरी एक्शन, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे आयोजनों को सांस्कृतिक चेतना का महोत्सव बताया।

पुरानी सरकारों पर सीधा हमला


>सीएम योगी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति करती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन सरकारों ने आतंकियों को संरक्षण दिया, रामसेतु को तोड़ने की कोशिश की, और हिंदू आस्था को कमजोर किया। उन्होंने कहा कि आज भारत विकास और गौरव का नया अध्याय लिख रहा है।


>मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रशस्तिपत्र, मकान की चाबी, डेमो चेक और ट्रैक्टर सौंपे। जिन लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला उनमें ममता, डेविड, राधा, विनोद, सतपाल, शिखा यादव जैसे कई नाम शामिल रहे।


>कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, कपिल देव अग्रवाल, राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, महापौर संजय कुमार, विधायकगण राजीव गुम्बर, कीरत सिंह, मुकेश चौधरी, एमएलसी वंदना वर्मा और भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।


 

टैग्स :  

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें