घर से निकली और फिर नहीं लौटी युवती, सुबह मिला ऐसा सुराग कि मच गया हड़कंप

09 Jul 2026

अम्बेडकरनगर जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। बुधवार रात घर से निकली युवती जब देर रात तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। गुरुवार सुबह गांव के बाहर नहर की पटरी पर उसका दुपट्टा और चप्पल मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद नहर में डूबने की आशंका के मद्देनजर गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया।

यह घटना सम्मनपुर थाना क्षेत्र के टंडवा सिसारा गांव की है। लापता युवती की पहचान गांव निवासी राम प्रताप की 24 वर्षीय पुत्री प्रीति के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रीति मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका इलाज पीजीआई, टांडा में चल रहा था।

परिवार के लोगों ने बताया कि बुधवार रात प्रीति शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन रातभर उसका कोई पता नहीं चल सका।

यह खबर भी पढ़े - अंबेडकरनगर में सड़क सुरक्षा सखियों की पदयात्रा, गांव-गांव पहुंचा सुरक्षित यातायात का संदेश

गुरुवार सुबह ग्रामीणों की नजर गांव के बाहर नहर की पटरी पर पड़े एक दुपट्टे और चप्पल पर पड़ी। पहचान करने पर पता चला कि दोनों सामान लापता प्रीति के हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंची सम्मनपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। नहर किनारे युवती का सामान मिलने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर नहर में डूबने की आशंका को ध्यान में रखते हुए गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया।

पुलिस और गोताखोर नहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी युवती की तलाश कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस का कहना है कि खोज अभियान लगातार जारी है।

सम्मनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। नहर किनारे मिले सामान के आधार पर गोताखोरों की मदद से तलाश कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।