बुंदेलखंड दौरे के बीच मां बगुलामुखी की शरण में पहुंचे सीएम योगी, ललितपुर के तुवन मंदिर में भी किया दर्शन

20 Jun 2026

 

बुंदेलखंड को विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शनिवार का दौरा केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहा। व्यस्त कार्यक्रम के बीच उन्होंने धार्मिक आस्था से जुड़े दो प्रमुख स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना भी की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मध्य प्रदेश के दतिया स्थित प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में मां बगुलामुखी के दर्शन किए। इसके बाद ललितपुर पहुंचकर तुवन मंदिर में भी माथा टेका।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दतिया पहुंचने पर मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनका स्वागत किया। हवाई पट्टी से निकलने के बाद मुख्यमंत्री सीधे देश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में शामिल पीतांबरा पीठ पहुंचे। यहीं उन्होंने मां बगुलामुखी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

 

यह खबर भी पढ़े - सीएम योगी के हाथों चेक और चाबियां पाकर खुश हुए लाभार्थी, कई योजनाओं का मिला लाभ

 

पीतांबरा पीठ परिसर में स्थित वनखण्डेश्वर महादेव मंदिर में भी मुख्यमंत्री योगी पहुंचे। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

 

मध्य प्रदेश के दतिया में स्थित पीतांबरा पीठ देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है। मां बगुलामुखी का यह मंदिर देशभर के श्रद्धालुओं और कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की आस्था का केंद्र माना जाता है। समय-समय पर कई बड़े नेता और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग यहां दर्शन के लिए पहुंचते रहे हैं।

 

यह खबर भी पढ़े - 13 दिन बाद फिर गोंडा पहुंचे सीएम योगी, 4901 करोड़ की परियोजनाओं को मिली मंजूरी

 

दतिया में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के ललितपुर पहुंचे, जहां उन्हें विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था। हालांकि, यहां पहुंचने के बाद भी उन्होंने अपने कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक दर्शन के साथ ही की।

 

ललितपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तुवन मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर के पुजारी, महंत और अन्य लोग भी मौजूद रहे।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा एक ओर जहां बुंदेलखंड क्षेत्र की विकास परियोजनाओं से जुड़ा रहा, वहीं दूसरी ओर धार्मिक स्थलों पर उनकी मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। दतिया के पीतांबरा पीठ से लेकर ललितपुर के तुवन मंदिर तक, मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान आस्था और विकास दोनों कार्यक्रमों में भाग लिया।