अमरोहा में अवैध भ्रूण लिंग जांच केंद्र का भंडाफोड़, 13 लोगों पर मुकदमा - गिरफ्तार आरोपी थाने से जमानत पर रिहा

हसनपुर क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर चल रहा था नेटवर्क, पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और 1.33 लाख रुपये बरामद

 

अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र के गांव सतैड़ा के मझरा चक की मढ़ैया में संचालित अवैध भ्रूण लिंग जांच केंद्र का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और उसके पति समेत 13 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में पकड़े गए आरोपितों को पुलिस ने थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि दर्ज धाराओं में सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान होने के कारण उन्हें स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया।

 

बुधवार दोपहर हरियाणा के झज्जर जिले के पीसीपीएनडीटी प्रभारी डॉ. संदीप कुमार, रोहतक के प्रभारी डॉ. विश्वजीत सिंह और डॉ. रंजीत सिंह ने अमरोहा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव चक की मढ़ैया स्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुधा के घर पर छापा मारा। टीम ने मौके पर एक कमरे में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से दो महिलाओं की जांच होते हुए पकड़ी।

 

बताया गया कि एक डमी महिला समेत दो अन्य महिलाएं भी अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान टीम को देखकर गिरोह का कथित सरगना देवेंद्र कुमार मशीन लेकर भागने लगा, लेकिन उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं के अलावा जांच करने वाले विपिन और रविंद्र को भी हिरासत में लिया गया। मौके से 1.33 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।

 

अधिकारियों के अनुसार रविंद्र सिंह उर्फ पोनी इस नेटवर्क का मुख्य दलाल बताया जा रहा है। वह महिलाओं को जांच के लिए लाने और गिरोह के सदस्यों से संपर्क कराने का काम करता था। देर रात हसनपुर के चिकित्साधीक्षक डॉ. धुर्वेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

 

पुलिस ने महिला ईशा और उसके पति परवीन, मोनिका और उसके पति रवि निवासी ग्राम साल्हावास, झज्जर (हरियाणा), अमित कुमारी निवासी फरसाना महक, रोहतक (हरियाणा), रविंद्र सिंह उर्फ पोनी निवासी बहादुरगढ़, झज्जर, विपिन निवासी गांव करनखाल, हसनपुर, मुख्य आरोपित देवेंद्र निवासी करनखाल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुधा और उनके पति अमर सिंह निवासी चक की मढ़ैया, प्रकाश निवासी पिनाना, सोनीपत तथा गौरव निवासी साल्हावास, झज्जर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, उनमें सात साल से कम सजा का प्रावधान है। इसी आधार पर गिरफ्तार सभी छह आरोपितों को थाने से जमानत दे दी गई। सीओ हसनपुर पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि चिकित्साधीक्षक की तहरीर पर 13 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


 

टैग्स :  अमरोहा, भ्रूण लिंग जांच, अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्र, हसनपुर

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

भारत की क्लीन इकॉनमी पर आधारित नया इंडेक्स फंड लॉन्च, NFO 5 जून से
सीजेरियन प्रसव के चार दिन बाद प्रसूता की मौत, अस्पताल में हंगामा; जांच के दौरान ओटी सील
बिजली चोरी की जांच करने गई टीम से मारपीट, जानकीपुरम में प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर असम की युवती से दुष्कर्म, अमरोहा में जबरन गर्भपात और धर्म परिवर्तन का आरोप
तेल संकट से दुनिया में त्राहिमाम, कई देशों में आसमान छूते दाम - भारत में अब भी सबसे कम असर
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी का निधन, प्रदेश में शोक की लहर
दिल्ली में हफ्ते में 2 दिन वर्क फ्रॉम होम लागू, पीएम मोदी की अपील के बाद दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला
दीदी BJP की आंखों में खटकती हैं, कोलकाता में ममता से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव का बड़ा हमला
गाजीपुर में पीड़ा से एकजुट हुआ समाज: 5 लाख की मदद के साथ अखिलेश यादव का बड़ा संदेश