Ganga Tigri Mela 2026: अमरोहा जनपद में गंगा तट पर लगने वाले प्रसिद्ध तिगरी मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सांस्कृतिक पुनर्जागरण की परिकल्पना को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 15 से 25 नवंबर तक 10 दिवसीय 'गंगा तिगरी मेला' आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार, नगर विकास विभाग और उत्तर प्रदेश पर्यटन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन की थीम 'संस्कृति एवं आस्था का संगम' रखी गई है। मेले के मुख्य सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होंगे। इन चार दिनों में 17 प्रमुख कलाकारों और सांस्कृतिक दलों के साथ 16 शिक्षण संस्थानों की प्रस्तुतियां होंगी। गंगा तट पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संगीत, नृत्य और मनोरंजन के कई कार्यक्रम श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
गंगा तिगरी मेले के मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत 20 नवंबर को मां गंगा के विधिवत पूजन के साथ होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन शाम 4:30 बजे गंगा पूजन कराया जाएगा। इसके बाद शाम 5:30 से 6:30 बजे तक दीपदान और गंगा आरती का आयोजन होगा। शाम 6 बजे वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती की जाएगी। इस दौरान गंगा तट पर श्रद्धालुओं को धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव मिलेगा।
आयोजन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके अलावा अमरोहा सांसद कंवर सिंह तंवर, जिला पंचायत प्रशासक ललित तंवर, मुरादाबाद मंडलायुक्त संगीता सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। विधान परिषद सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त, सत्यपाल सिंह सैनी, डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, धनौरा विधायक राजीव तरारा और हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
20 नवंबर को उद्घाटन समारोह में इंडियाज गॉट टैलेंट से चर्चित इशिता विश्वकर्मा अपनी संगीत प्रस्तुति देंगी। इसके साथ कथक नृत्यांगना तेजस्विनी शिव-दुर्गा नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। मथुरा के श्री गीत कृष्ण ब्रज सांस्कृतिक नृत्य और धीरेंद्र कुमार पांडे की कथक एवं लोकनृत्य प्रस्तुति भी होगी। 21 नवंबर को डांस ग्रुप क्रेजीहॉपर्स, बॉलीवुड गायक कुलदीप चौहान, जतिन निगम, गायिका दिव्यांशी मौर्य और शास्त्रीय नृत्यांगना ऐश्वर्या वर्मा अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
22 नवंबर को सारेगामा विजेता हेमंत बृजवासी बॉलीवुड नाइट में अपनी गायकी का जादू बिखेरेंगे। इसी दिन रुचि बलूनी रामायण पर आधारित प्रस्तुति देंगी। रासरंग संस्था के लोकनृत्य और मुरारी लाल तिवारी के गीत भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। 23 नवंबर को हरियाणवी गायक अजय हुड्डा अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा जुगनू जादूगर का जादुई कार्यक्रम और दीपक शर्मा की फूलों की होली, रास एवं भजनों की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेगी। मेले में स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के लिए 21 से 23 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें अमरोहा, जोया, गजरौला, मंडी धनौरा और आसपास के क्षेत्रों के स्कूलों तथा सिंह बाबा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें