नई दिल्ली। द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में मंगलवार शाम दो वाहनों के बीच हुई मामूली टक्कर कुछ ही देर में सड़क पर विवाद में बदल गई। आरोप है कि टक्कर के बाद एक टैक्सी चालक ने गुस्से में कार चालक पर डंडे से हमला करने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, घटना 7 जुलाई की शाम करीब 7 बजकर 44 मिनट पर हुई। कापसहेड़ा थाना पुलिस को द्वारका एक्सप्रेसवे टनल के भीतर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता अपनी वैगनआर कार से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी कार की एक सफेद रंग की अर्टिगा टैक्सी से हल्की टक्कर हो गई। आरोप है कि टक्कर के बाद टैक्सी चालक ने अपना आपा खो दिया और डंडा लेकर शिकायतकर्ता की ओर बढ़ गया।
शिकायतकर्ता ने खुद को बचाने के लिए टैक्सी चालक को पीछे धकेला। इस दौरान टैक्सी चालक पास में खड़ी एक किआ सेल्टोस से टकरा गया, जिससे उस वाहन को भी मामूली नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद किआ सेल्टोस के मालिक ने अपनी गाड़ी को हुए नुकसान के लिए शिकायतकर्ता को मौके पर रोक लिया। इसी बीच विवाद का फायदा उठाकर आरोपित टैक्सी चालक अपनी गाड़ी लेकर वहां से चला गया। मौके पर मौजूद लोगों के बीच कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही, हालांकि मामला किसी बड़े टकराव में नहीं बदला।
विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस की गश्ती टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची। बाद में कापसहेड़ा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक शिकायतकर्ता और किआ सेल्टोस के मालिक के बीच बातचीत के बाद मामला शांत हो चुका था। पुलिस को मौके पर कोई घायल व्यक्ति या क्षतिग्रस्त वाहन नहीं मिला।
पुलिस अधिकारियों ने फोन पर शिकायतकर्ता से संपर्क किया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सुरक्षित अपने घर पहुंच चुका है। उसने यह भी कहा कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझ गया है और वह फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता।
हालांकि शिकायतकर्ता ने कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता से दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही टनल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि मौके से फरार हुए टैक्सी चालक की पहचान कर उसके बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें