Nishikant Dubey: बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर किताब लिखने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि यह किताब सोनिया गांधी पर कोई व्यक्तिगत हमला या निशाना साधना नहीं होगा, बल्कि उनके राजनीतिक सफर और उससे जुड़े कई अहम घटनाक्रमों का विस्तृत विवरण होगी। निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन 10 सवालों का जिक्र किया है, जिन्हें वह अपनी किताब में शामिल करेंगे।
निशिकांत दुबे की तरफ से उठाए गए सवालों में मारुति कंपनी से सोनिया गांधी के कथित संबंध, नेशनल हेराल्ड मामला, बोफोर्स विवाद और 2004 से 2014 के बीच केंद्र सरकार में उनकी भूमिका शामिल है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उस दौरान सोनिया गांधी प्रधानमंत्री ना होते हुए भी सरकार में इतनी प्रभावशाली और अहम कैसे थीं।
बीजेपी सांसद ने अपनी पोस्ट में पूछा कि सोनिया गांधी मारुति कंपनी की मालकिन कैसे बनीं साथ ही, नेशनल हेराल्ड का अधिग्रहण किस तरह हुआ? इसके अलावा बोफोर्स मामले की पूरी कहानी, मेनका गांधी और सोनिया गांधी के बीच विवाद की वजह तथा सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बजाय अपने परिवार के साथ चीन ओलंपिक में जाने का कारण भी किताब में शामिल करने की बात कही है।
निशिकांत दुबे ने कांग्रेस के पुराने राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और सोनिया गांधी के बीच मतभेद, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी से जुड़ा विवाद और 1999 में सोनिया गांधी को धोखा देने वाले कांग्रेस नेता का नाम शामिल है। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी में से सोनिया गांधी की राजनीतिक पसंद को लेकर भी सवाल किया है।
वहीं, इससे पहले निशिकांत दुबे ने मारुति कंपनी में सोनिया गांधी की कथित हिस्सेदारी और उनकी भूमिका को लेकर कई सवाल उठाए थे। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने दावा किया था कि सोनिया गांधी मारुति टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर और 50 प्रतिशत शेयरधारक थीं।
निशिकांत दुबे ने 21 नवंबर 1970 का जिक्र करते हुए दावा किया कि संजय गांधी ने मारुति टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कंपनी की स्थापना 1970 में हुई थी, तो उसे 1968 में ही कार बनाने की सरकारी मंजूरी कैसे मिल गई थी। उन्होंने यह भी सवाल किया कि सोनिया गांधी विदेशी नागरिक होने के बावजूद कंपनी की निदेशक कैसे बनीं। उनकी प्रस्तावित किताब के ऐलान ने कांग्रेस और गांधी परिवार से जुड़े पुराने राजनीतिक मुद्दों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें