Saturday, 21 November 2026 | Lucknow | 29°C

Yogi Adityanath: यूपी में नौकरियों की कमी नहीं, 26 जनवरी तक वितरित होंगे नियुक्ति पत्र: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Yogi Adityanath: गोरखपुर में 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिले टैबलेट, हर जिले में बनेगा कौशल प्रशिक्षण और रोजगार केंद्र।
Bureau
Bureau News Desk
20 Nov 2026
05:04 PM
1 min read
Yogi Adityanath: यूपी में नौकरियों की कमी नहीं, 26 जनवरी तक वितरित होंगे नियुक्ति पत्र: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सोर्स - फाइल फोटो
हाइलाइट्स
गोरखपुर में 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को बांटे गए टैबलेट
हर जिले में बनेगा सरदार पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन
रील देखने के बजाय रोज तीन घंटे हुनर सीखने में लगाएं युवा : योगी
नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी प्रदेश सरकार

Yogi Adityanath: युवाओं के पास डिग्री होना ही काफी नहीं, बल्कि उसके साथ हुनर और रोजगार का मौका मिलना भी जरूरी है। कोई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, तो कोई बेहतर नौकरी की तलाश में है। वहीं, आर्थिक चुनौतियों के बीच पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए डिजिटल संसाधनों तक पहुंच भी किसी चुनौती से कम नहीं है। ऐसे में गोरखपुर में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को टैबलेट वितरण के साथ रोजगार को लेकर भी कई जरुरी घोषणाएं की गईं।

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के तहत गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। सीएम ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट दिए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के साथ उनके लिए कौशल विकास के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

टैबलेट में इंफोसिस के 18 हजार से अधिक निःशुल्क कोर्स और युवा साथी ऐप उपलब्ध हैं। इसके जरिए विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के साथ तकनीकी और रोजगारपरक कौशल भी सीख सकेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने युवाओं को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया पर रील देखने में समय गंवाने के बजाय रोजाना तीन घंटे जरुरी चीजें सीखने में लगाये। उन्होंने कहा कि टैबलेट पर फीड नहीं, फ्यूचर स्क्रॉल करें।

कार्यक्रम में युवाओं के लिए रोजगार को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आठ हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 26 जनवरी तक नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में साढ़े नौ वर्षों के दौरान करीब पौने दस लाख सरकारी नियुक्तियां की गई हैं।

नौकरी की तलाश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि अब नियुक्तियां प्रतिभा के आधार पर हो रही हैं। पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोर कानून बनाया गया है।

सरकारी नौकरी के अलावा निजी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने के लिए प्रदेश के हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनाने की योजना है। यहां युवाओं को जापानी और जर्मन भाषाओं के साथ उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें देश और विदेश की कंपनियों में रोजगार मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना होकर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। प्रदेश में निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी योजनाएं चला रही है। सीएम युवा योजना के तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

युवाओं के भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबार पर भी सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसा जाएगा। युवाओं के करियर के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कार्यक्रम में टैबलेट पाने वाले विद्यार्थियों के साथ मुख्यमंत्री ने सेल्फी भी ली। एक तरफ विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा के संसाधन मिले तो दूसरी तरफ नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को नियुक्तियों की समयसीमा का भरोसा दिया गया। 

Explore Related Topics

UP Recruitment 2026 Government Jobs in UP Youth Employment

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News