Yogi Adityanath Mother Death: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में शुक्रवार का दिन काफी दुखद रहा। सीएम योगी की 91 वर्षीय मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार थीं। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे सीएम योगी की माता का निधन हुआ। उनके निधन के बाद परिवार और पैतृक गांव में शोक का माहौल है।
माता के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था, दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी ने शोक के बीच भी अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। बताया जा रहा है कि जिस समय उन्हें माता के निधन की जानकारी हुई उस वक्त गोरखपुर में हजारों विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करने कार्यक्रम निर्धारित था। हजारों बच्चे मुख्यमंत्री के आने का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में मुख्यमंत्री ने मां को खोने के दुख को अपने ह्दय में समेट कर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 50,000 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किया। इस दौरान सीएम योगी ने जरा देर के लिए भी गम को अपने चेहरे पर आने नहीं दिया।
गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण किया। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों के लिए तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश भी दिया।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री को कार्यक्रम के दौरान ही माता के निधन की दुखद जानकारी मिल गयी थी। लेकिन इस दौरान उन्होंने बच्चों को खुशी बांटने का निर्णय लिया और अपने दुख को दबा लिया। उन्होंने कार्यक्रम में बच्चों को टैबलेट वितरित किया और यूपी के विकास कार्यो की भी चर्चा की। इस दौरान सीएम योगी ने चेहरे पर एक पल के लिए गम को नजर नहीं आने दिया। सीएम योगी ने विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किया और उनके साथ सेल्फी लेकर उस पल को यादगार बना दिया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवा अवस्था में संन्यास ग्रहण कर लिया था। संन्यास लेने के बाद से ही सीएम योगी का पारिवारिक जुड़ाव तो सीमित हो गया, लेकिन मां के प्रति उनका स्नेह बना रहा। साल 2022 में वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे और मां और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की थी।
इसके बाद साल 2024 में जब उनकी माता सावित्री देवी की तबीयत बिगड़ गयी थी और उन्हें उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया, तब भी मुख्यमंत्री उनसे मुलाकात करने के लिए अस्पताल पहुंचे थे और मां के साथ समय बिताया था। विदित हो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का अप्रैल 2020 में निधन हो चुका है। उस समय सीएम योगी कोरोना महामारी और लॉकडाउन की पाबंदियों के चलते अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें