UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से हुई 13 वर्षीय किशोर की मौत को लेकर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि घटना के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सड़कें आम जनता के सुगम आवागमन के लिए हैं, न कि किसी राजनीतिक दल के रोड शो में अराजकता फैलाने के लिए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुंडागर्दी और माफियागिरी करने वालों के खिलाफ सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घोषणा की कि वह स्वयं परिवार से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि घटना के बाद विपक्ष की ओर से अपेक्षित संवेदना नहीं दिखाई गई।
मुख्यमंत्री कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। साथ ही 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। करीब 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय लगभग 50 हेक्टेयर भूमि पर स्थापित होगा। यहां वानिकी, औद्यानिकी, एग्रोफॉरेस्ट्री, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसे विषयों की पढ़ाई होगी। स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले शैक्षणिक सत्र से वैकल्पिक स्थान पर कक्षाएं शुरू करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को गोरखपुर में 500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। किसानों के लिए जल्द ही अलग से विशेष पैकेज भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने एग्रोफॉरेस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए नियमों को सरल बनाने की बात कही, ताकि किसान खेतों में पेड़ लगाकर अतिरिक्त आमदनी प्राप्त कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण का अत्यधिक दोहन प्राकृतिक आपदाओं का कारण बन रहा है। उन्होंने पौधरोपण अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश में साढ़े नौ वर्षों में 280 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जोड़कर देखने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सपा, कांग्रेस, बसपा और एआईएमआईएम पर भी राजनीतिक निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष पर तुष्टीकरण और अराजकता की राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, मंत्री डॉ. संजय निषाद, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और सांसद रवि किशन ने भी विकास कार्यों और विश्वविद्यालय की स्थापना को पूर्वांचल के लिए महत्वपूर्ण बताया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें