लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नकली और काउंटरफिट दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। वाराणसी के एक मेडिकल स्टोर से शुरू हुई जांच हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गई। यूपीएफएसडीए और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में दो अवैध दवा निर्माण इकाइयों का खुलासा हुआ है। इनमें एक इकाई राजपुरा-खेड़ा बाईपास और दूसरी बद्दी के जुड्डीकलां स्थित वी डी फार्मा में संचालित हो रही थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चल रही इस कार्रवाई में जांच एजेंसियों ने नकली दवाओं के स्रोत, भंडारण और सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर पूरे सिंडिकेट का पता लगाने का प्रयास किया।
मामले की शुरुआत 30 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र स्थित एसपी मेडिकल स्टोर पर छापेमारी से हुई। यहां प्रतिष्ठित कंपनी मैनकाइंड के नाम से बेची जा रही Nurokind-LC टैबलेट बरामद हुईं। मेडिकल स्टोर संचालक सुनील कुमार पटेल ने बताया कि उसने ये दवाएं सुपर ड्रग एजेंसी के सेल्समैन अशोक कुमार वर्मा से बिना बिल खरीदी थीं। निर्माता कंपनी की शिकायत और जांच के बाद दवाओं के नकली होने की पुष्टि हुई।
कार्रवाई में करीब पांच लाख रुपये की अन्य अवैध दवाएं भी जब्त की गईं। 2 नवंबर को जांच टीम ने सुपर ड्रग एजेंसी के सेल्समैन अशोक वर्मा और डिलीवरी कर्मचारी प्रियांशु तिवारी से पूछताछ की। इसके बाद रोहनिया क्षेत्र में सुरेंद्र नाथ मिश्रा के आवास पर छापेमारी की गई। यहां बिना बिल और लाइसेंस के 17 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं मिलीं। करीब दो लाख रुपये की दवाएं जब्त की गईं और 11 नमूने जांच के लिए भेजे गए। पूछताछ में सुरेंद्र नाथ ने सोनभद्र निवासी अभिषेक सिंह उर्फ रवि का नाम बताया। जांच के बाद उसके खिलाफ भी कार्रवाई की गई। बताया गया कि वह वर्ष 2023 के वाराणसी के एक अन्य नकली दवा मामले में भी आरोपी रह चुका है।
अभिषेक सिंह से पूछताछ में सहारनपुर निवासी हसीन और वसीम के नाम सामने आए। जांच में पता चला कि हिमाचल प्रदेश के सोलन क्षेत्र में दवाओं का निर्माण कर उनकी सप्लाई की जा रही थी। इसके बाद 18 नवंबर 2026 को यूपीएफएसडीए और लखनऊ एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नालागढ़ तहसील के राजपुरा-खेड़ा बाईपास क्षेत्र में छापेमारी की। यहां बिना लाइसेंस दवा निर्माण इकाई संचालित मिली। मौके से ब्लिस्टर पैकिंग, कैप्सूल फिलिंग और अन्य मशीनों के साथ ब्रांडेड कंपनियों के नाम और पैकेजिंग से संबंधित सामग्री बरामद हुई।
जांच की दूसरी कड़ी बद्दी के जुड्डीकलां स्थित वी डी फार्मा तक पहुंची। यहां भी बिना लाइसेंस दवा निर्माण किए जाने का खुलासा हुआ। छापेमारी में टैबलेट, कैप्सूल और सिरप बनाने की मशीनें, कच्चा माल, अर्धनिर्मित और तैयार दवाएं बरामद की गईं। इनमें एंटीबायोटिक्स, एंटासिड और कफ सिरप से संबंधित सामग्री शामिल है। जांच एजेंसियां अब सहारनपुर में हसीन और वसीम से जुड़े ठिकानों की भी पड़ताल कर रही हैं। यहां अवैध दवाओं के निर्माण, भंडारण और खरीद-बिक्री से जुड़े सुराग मिले हैं। हिमाचल प्रदेश का औषधि विभाग भी स्थानीय स्तर पर वैधानिक कार्रवाई कर रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें