Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरीचौरा क्षेत्र के देवकही गांव तक समाजवादी पीडीए रथ से रोड शो करेंगे। करीब 20 किलोमीटर के इस रास्ते में कार्यकर्ता जगह-जगह उनका स्वागत करेंगे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव देवकही में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
जारी संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश यादव बुधवार सुबह 11:45 बजे निजी विमान से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे समाजवादी रथ से देवकही गांव के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के दोपहर करीब 2 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की संभावना है। इससे पहले पार्टी की ओर से उनके सुबह 10 बजे देवकही पहुंचने की जानकारी दी गई थी, लेकिन जारी नए कार्यक्रम में समय और यात्रा के विवरण में बदलाव कर दिया गया।
देवकही पहुंचने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सबसे पहले विनय कुमार सिंह बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में वह जनसभा को संबोधित करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। अखिलेश यादव के दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सपा नेता संजय लाठर पहले ही गोरखपुर पहुंच चुके हैं। उन्होंने स्थानीय नेताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों पर चर्चा की। जनसभा के लिए मैदान तैयार किया जा रहा है। वहीं, गोरखपुर एयरपोर्ट से देवकही तक लगभग 20 किलोमीटर के रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है। कार्यकर्ता फूल-मालाओं के साथ अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें