Ambedkar Nagar News: सड़क पर उपद्रव हो या भीड़ के उग्र होने की स्थिति, हर चुनौती से निपटने के लिए अम्बेडकरनगर पुलिस अपनी तैयारियों को धार दे रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों के साथ बलवा नियंत्रण का अभ्यास कराया।
इस दौरान एसपी प्राची सिंह खुद मैदान में उतरीं और आंसू गैस के गोले दागकर बलवा नियंत्रण की कार्रवाई का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को दंगा और भीड़ नियंत्रण की विभिन्न परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने का प्रशिक्षण दिया।
अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को अनुशासन, शारीरिक दक्षता, आपसी समन्वय और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिस बल को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क, अनुशासित और हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।
इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ किसी भी अप्रिय स्थिति में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। एसपी प्राची सिंह के नेतृत्व में हुए इस अभ्यास के जरिए पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और उपद्रव की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को लगातार प्रशिक्षित किया जा रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें