नीतू सामरा (फाइल फोटो)
उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में शीर्ष स्तर पर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने नीतू सामरा को तत्काल प्रभाव से अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। यह निर्णय ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है, जिनके तहत एयरपोर्ट का सीईओ भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है।
एयरपोर्ट के पूर्व सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन स्विट्जरलैंड के नागरिक हैं। क्यूंकि सरकारी नियमों के अनुसार ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के सीईओ पद पर भारतीय नागरिक की नियुक्ति आवश्यक है। इसलिए जानकारी के अनुसार कि श्नेलमैन को BCAS से सुरक्षा क्लियरेंस नहीं मिल पा रहा था। इस संबंध में गृह मंत्रालय से नियमों में छूट देने का प्रस्ताव भी भेजा गया था, जिसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नीतू सामरा को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया। इस बदलाव के बाद अब सुरक्षा क्लियरेंस मिलने की प्रक्रिया आसान हो गई है, जिससे जल्द ही कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत की संभावना बढ़ गई है।
नीतू सामरा अक्टूबर 2021 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। वह पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और उन्हें 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने एयरपोर्ट परियोजना के निर्माण, वित्तीय योजना, फंडिंग, खरीद प्रक्रिया और दीर्घकालिक रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे पहले वह लीज़प्लान इंडिया, फिडेलिटी इंटरनेशनल और इंडिया मॉर्टगेज गारंटी कॉर्पोरेशन जैसी कंपनियों से जुड़ी रही हैं।
पूर्व सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन को अब एयरपोर्ट के निदेशक मंडल में एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन बनाया गया है। वह परियोजना की रणनीतिक दिशा और संचालन में योगदान देते रहेंगे। श्नेलमैन वर्ष 2020 से इस परियोजना से जुड़े हैं और बेंगलुरु एयरपोर्ट के विकास में भी उनकी अहम भूमिका रही है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण में एक रनवे और अत्याधुनिक टर्मिनल तैयार हो चुका है। इस चरण में सालाना करीब 1.2 करोड़ यात्रियों के आवागमन की क्षमता विकसित की गई है। भविष्य में इस एयरपोर्ट को विस्तार देकर पांच रनवे और लगभग 7 करोड़ यात्रियों की वार्षिक क्षमता तक पहुंचाने की योजना है। हाल ही में नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया था।
नई नियुक्ति के बाद अब BCAS से सुरक्षा मंजूरी मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इसके साथ ही एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानों के संचालन की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें