प्रदेश में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में चलाया जा रहा कौशल विकास मिशन अब श्रावस्ती जिले में करियर निर्माण का आधार बनता नजर आ रहा है। इस योजना के तहत जिले के सैकड़ों युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनके लिए नौकरी और आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खुल रहे हैं। इस वर्ष 250 युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
योजना के अंतर्गत युवाओं को ऐसे कोर्स में प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिनकी बाजार में मांग है। हेल्थ केयर और ऑटोमोटिव जैसे ट्रेड को प्राथमिकता दी गई है, ताकि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को सीधे रोजगार मिलने की संभावना बढ़ सके। चयन प्रक्रिया ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर रखी गई है, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को अवसर मिल सके।
कौशल मिशन में महिलाओं और दिव्यांगजनों को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। कुल सीटों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत और दिव्यांगजनों के लिए 5 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं, जिससे विभिन्न वर्गों को बराबरी का अवसर प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए 300 घंटे के पाठ्यक्रम में 30 घंटे का प्रायोगिक प्रशिक्षण शामिल किया गया है। इससे युवाओं को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि कार्यस्थल पर उपयोगी कौशल भी प्राप्त हो रहे हैं, जो उनके करियर को मजबूत आधार प्रदान कर रहे हैं।
जिला मिशन प्रबंधक संदीप सिंह के अनुसार जिले में 250 युवाओं के चयन के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कलेक्ट्रेट स्थित कौशल विकास मिशन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें