>श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन सौतेले बेटों और एक वकील को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दंपति की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और साजिश का खुलासा किया।
>23 नवंबर की सुबह खांवापोखर गांव में पूर्व ग्राम प्रधान रोशन खां (80) का शव घर के भीतर और उनकी पत्नी वसीला (60) का शव घर के पास झाड़ियों में मिला था। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि मामले में मृतक के बेटों हसीब खां, नसीब खां और मुसीब खां के साथ वकील प्रभाकर त्रिपाठी उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया गया है।
>जांच में सामने आया कि वकील प्रभाकर त्रिपाठी ने धोखे से दंपति की कीमती दुकानें अपने नाम करा ली थीं। संपत्ति पर कब्जा बनाए रखने और किसी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसने तीनों बेटों को लालच देकर हत्या की साजिश रची। एक बेटे को मोटरसाइकिल और 10 लाख रुपये देने का वादा किया गया, जबकि अन्य को भी नकद देने का भरोसा दिया गया।
>पूछताछ में तीनों बेटों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 22-23 नवंबर की रात सोते समय बांस की लाठी से गला दबाकर माता-पिता की हत्या की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया था, जिसमें बाद में धारा 61(2) और 238 भी जोड़ी गईं। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बांस का डंडा बरामद किया गया।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें