उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के सिरसिया क्षेत्र में मंगलवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। काटन कैंडी बेचकर लौट रहे 16 वर्षीय किशोर पर एक तेंदुए ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए किशोर करीब आधे घंटे तक तेंदुए से संघर्ष करता रहा। इस दौरान शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद तेंदुआ किशोर को छोड़कर पास के खेत में चला गया, जहां कुछ देर बाद वह मृत पाया गया।
जानकारी के अनुसार, सिरसिया क्षेत्र के कुथनी गांव के सांईपुरवा निवासी 16 वर्षीय गुलाम फेरी लगाकर बुढ़िया के बाल (काटन कैंडी) बेचते हैं। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह बाबा विभूतिनाथ शिव मंदिर के मुख्य द्वार से लौट रहे थे। रास्ते में मुख्य मार्ग के किनारे स्थित एक बगीचे के पास पहले से छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले के बाद किशोर ने शोर मचाते हुए अपनी जान बचाने की कोशिश की। लगभग आधे घंटे तक तेंदुए और किशोर के बीच संघर्ष चलता रहा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। ग्रामीणों की भीड़ बढ़ती देख तेंदुआ किशोर को छोड़कर पास के खेत की ओर चला गया, जहां कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा।
हमले में किशोर की दाहिनी आंख के पास गंभीर चोट आई और आंख के हिस्से का मांस बाहर निकल आया। पहले उसे सिरसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा भेजा। स्थिति गंभीर होने के कारण बाद में उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष सौरभ सिंह और पूर्वी सोहेलवा रेंज के रेंजर अनिमेष वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। करीब ढाई घंटे बाद खेत में पड़े तेंदुए के पास पहुंची वन विभाग की टीम ने देखा कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए पूर्वी सोहेलवा रेंज कार्यालय भेज दिया गया।
रेंजर अनिमेष वर्मा ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान तेंदुआ मृत पाया गया। उसकी उम्र लगभग तीन वर्ष आंकी गई है। तेंदुए की मौत के कारण का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। विभागीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें