>उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष के दौरान किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद तेज की है। अब तक 35 हजार से अधिक किसानों से बाजरे की खरीद कर 421.39 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
>आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 3.15 लाख से अधिक किसानों से 19.14 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है, जिसके बदले 4,500 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। धान की खरीद के लिए प्रदेशभर में 4,645 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। भुगतान की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में भेजी जा रही है।
>खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराने वाले किसानों की संख्या 7.83 लाख से अधिक हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। वहीं, बाजरा बिक्री के लिए पंजीकरण 21,630 से बढ़कर 80 हजार से अधिक हो गया है। ज्वार और मक्का में भी किसानों का पंजीकरण बढ़ा है।
>श्रीअन्न की खरीद एक अक्टूबर से शुरू हुई थी, जो 31 दिसंबर तक जारी रहेगी। धान की खरीद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 जनवरी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 फरवरी तक निर्धारित है। एमएसपी के तहत धान, बाजरा, ज्वार और मक्का की खरीद तय कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न जिलों में जारी है, जबकि खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार भुगतान प्रक्रिया पर नियमित निगरानी की जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें