राजधानी लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर किसान पथ पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेगुलेटर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार तेल टैंकर ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे ट्रैक्टर संख्या यूपी-32 डीई 5480 किसान पथ से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेल टैंकर संख्या यूपी-32 ईएन 6802 ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बीबीडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान मिश्रीलाल (50 वर्ष), निवासी ग्राम पारा, पोस्ट रजोली, थाना गुडम्बा की मौत हो गई।
दुर्घटना में शहजाद (26 वर्ष), तौहीर (28 वर्ष) और सलीम (40 वर्ष) घायल हुए हैं। तीनों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल तेल टैंकर को कब्जे में ले लिया है। वहीं चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।