Ambedkar Nagar News: दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने बरियावन बाजार से करीब 450 किलोग्राम अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद सामग्री 17 बोरियों और कार्टूनों में रखी हुई थी।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी देवेश चतुर्वेदी और क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार के पर्यवेक्षण में अकबरपुर कोतवाली पुलिस बरियावन बाजार चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाजार स्थित ठाकुर डिम्पल सिंह की मार्केट में किराये की दुकान पर बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण कर बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सूरज पुत्र उमेश चन्द्र, निवासी बरियावन बाजार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुकान से विभिन्न प्रकार के करीब 450 किलोग्राम पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की। इस मामले में अकबरपुर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 617/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 5/9बी में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक चन्द्रकान्त सिंह, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन सिंह और कांस्टेबल प्रेम कुमार यादव शामिल रहे। दीपावली से पहले इतनी बड़ी मात्रा में अवैध पटाखों की बरामदगी के बाद बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें