Ambedkar Nagar News: एटीएम मशीन में स्टील की पत्ती लगाकर नकदी फंसाने और एटीएम कार्ड बदलकर ग्राहकों के खाते से रुपये निकालने वाले दो आरोपियों को अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार एटीएम कार्ड, 12 स्टील की पत्तियां, दो हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार समेत कई उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इस तरीके से विभिन्न जनपदों में ग्राहकों को निशाना बनाते थे।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) देवेश चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार के पर्यवेक्षण तथा अकबरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पहितीपुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खैरुल वासर पुत्र निजामुद्दीन, निवासी बेलहरी, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर और बैदुल्ला पुत्र अमीन, निवासी मुहम्मदाबाद, जनपद मऊ के रूप में हुई है।
ऐसे करते थे धोखाधड़ी
पुलिस के अनुसार, आरोपी एटीएम मशीन के कैश स्लॉट में स्टील की पत्ती लगाकर नकदी निकलने में बाधा उत्पन्न करते थे। इससे ग्राहक का पैसा मशीन में फंस जाता था। इसके अलावा, एटीएम कार्ड बदलकर भी ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की जाती थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी इस तरीके से अलग-अलग जनपदों में वारदात करते थे।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एटीएम के कैश स्लॉट में लगाने वाली 12 स्टील की पत्तियां, चार एटीएम कार्ड, एक पेचकस, एक प्लास, एक कटर, एक कैंची, रेडियम टेप के दो बंडल, दो हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार (UP 32 PC 1709) बरामद की है।
एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, खैरुल वासर के खिलाफ वाराणसी और जौनपुर में धोखाधड़ी, लूट और अन्य धाराओं में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दोनों आरोपियों के खिलाफ अकबरपुर कोतवाली में मुकदमा संख्या 616/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 303(2), 317(2) और 3(5) में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राकेश खरवार, चौकी प्रभारी शहजादपुर उपनिरीक्षक रणविजय सिंह तथा कांस्टेबल मंगल यादव, धनंजय यादव, राम नरेश भारद्वाज, तन्मय तिवारी और अभिषेक तिवारी शामिल रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें