UP News: उत्तर प्रदेश में दीपावली और छठ समेत अन्य त्योहारों पर लोगों को 24 घंटे बिजली देने की तैयारी की जा रही है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान बिना किसी जरूरी कारण के बिजली कटौती न की जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली रोशनी का त्योहार है, इसलिए इस दौरान बिजली कटौती और अनावश्यक शटडाउन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान बकाया बिजली बिल के नाम पर लोगों के कनेक्शन न काटे जाएं। बिजली चोरी करने वाले बड़े लोगों के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई की जाए, लेकिन छोटे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान न किया जाए। ऊर्जा मंत्री ने झटपट पोर्टल पर बिजली कनेक्शन के लिए आए आवेदनों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए हैं साथ ही, जिन आवेदनों को खारिज किया गया है, उनकी सभी की जांच करने को कहा गया है, ताकि लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जो उपभोक्ता समय पर बिजली बिल जमा करते हैं, उन्हें बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के कारण बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या नहीं होनी चाहिए। जहां ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की जरूरत है, वहां तुरंत काम कराया जाए।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि नवंबर के बिजली बिल में उपभोक्ताओं को 9.70 प्रतिशत की राहत मिलेगी। इससे घरेलू और व्यावसायिक समेत अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने फायदा मिलेगा। ऊर्जा मंत्री ने नई नगर पंचायतों में भी अच्छी बिजली आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तरह बिजली की व्यवस्था होनी चाहिए। बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग की ओर से अतिरिक्त बजट भी दिया जाएगा। बैठक में ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें