UP School Closed: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 के मद्देनजर शुक्रवार को कई जनपदों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। राजधानी लखनऊ, प्रयागराज और अलीगढ़ सहित कई जनपदों में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने अवकाश को लेकर आदेश जारी कर दिये है। यह छुट्टी शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए नहीं होगी। वह विद्यालय आकर अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. एसएन साबत के मुताबिक पीईटी 2026 की परीक्षा उत्तर प्रदेश के 60 जनपदों में आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा के लिए कुल 35,41,297 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने और शहरों में यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए संबंधित जिलों में स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
पीईटी 2026 की परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जा रही है। इसके लिए राज्य के 60 जिलों में कुल 1,372 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रत्येक निर्धारित दिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में प्रशासन ने परीक्षा के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर दर्ज परीक्षा केंद्र, तारीख और पाली के अनुसार पहुंचने की सलाह दी गई है।
उल्लेखनीय है कि बीजे 25 अक्टूबर को पीईटी परीक्षा के पहले दिन कुल 11,80,434 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें से 8,21,986 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 3,58,448 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह पहले दिन कुल उपस्थिति 69.63 प्रतिशत दर्ज की गई। आगामी परीक्षा तिथियों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के इंतजाम किए हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें