Ayodhya Deepotsav 2026: रामनगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव को यादगार बनाने की तैयारियां अब तेजी से चल रही हैं। इस बार दीपोत्सव में श्रद्धालुओं को त्रेता युग की झलक देखने को मिलेगी। राम की पैड़ी पर पुष्पक विमान और भव्य राम दरबार तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही रामायण की थीम पर तीन नावें भी बनाई गई हैं,जो सरयू नदी में तैरती नजर आएंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस बार दीपोत्सव को पहले से भी ज्यादा भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। पर्यटन विभाग की ओर से राम की पैड़ी पर खास सजावट और निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इन आकर्षक निर्माणों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।
30 फीट लंबा होगा पुष्पक विमान
पर्यटन विभाग की ओर से तैयार कराए जा रहे पुष्पक विमान की लंबाई 30 फीट,चौड़ाई 12 फीट और ऊंचाई 16 फीट होगी। वहीं राम दरबार 30 गुणा 20 फीट के क्षेत्र में बनाया जा रहा है। इसकी ऊंचाई करीब 20 फीट होगी। दोनों संरचनाओं को प्लाई और कैनवास सामग्री से तैयार किया जा रहा है। इन निर्माणों को तैयार करने में बंगाल समेत कई राज्यों के सैकड़ों कारीगर जुटे हुए हैं। कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, ताकि इनकी सजावट और बनावट आकर्षक हो सके।
रामायण थीम पर तैयार हुईं तीन नावें
दीपोत्सव में सरयू नदी पर रामायण की थीम पर बनी तीन नावें भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इन नावों को इस तरह तैयार किया गया है कि श्रद्धालुओं को रामायण से जुड़े प्रसंगों की झलक देखने को मिलेगी। दीपों की रोशनी के बीच जब ये नावें सरयू की लहरों पर तैरेंगी तो नजारा बेहद सुंदर दिखाई देगा।
राम की पैड़ी पर दिखेगा राम दरबार
पुष्पक विमान को भगवान श्रीराम की लंका विजय के बाद अयोध्या वापसी के प्रसंग को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। वहीं राम दरबार में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की झलक दिखाई देगी। दीपों की रोशनी में सजे ये दोनों निर्माण श्रद्धालुओं को त्रेता युग का अहसास कराएंगे।
कारीगरों को भी मिल रहा रोजगार
दीपोत्सव की तैयारियों से अयोध्या के पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही कारीगरों को भी रोजगार मिल रहा है। बंगाल और दूसरे राज्यों से आए कारीगर इन भव्य संरचनाओं को तैयार करने में लगे हैं। स्थानीय स्तर पर भी लोगों को काम के अवसर मिल रहे हैं।
योगी सरकार अयोध्या को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास कर रही है। इस बार का दीपोत्सव भी इसी दिशा में एक खास आयोजन बनने जा रहा है। राम की पैड़ी पर पुष्पक विमान, राम दरबार और सरयू में तैरती नावों का नजारा श्रद्धालुओं के लिए यादगार रहने की उम्मीद है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें