Ambedkar Nagar News: दीपावली से पहले धनतेरस के पर्व पर जिले के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने की परंपरा ने कारोबार को नई ऊंचाई दे दी। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी, जो देर रात तक जारी रही। सोना-चांदी, बाइक, कार, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुओं की दुकानों पर जमकर खरीदारी हुई। अनुमान के मुताबिक, धनतेरस के एक दिन में जिले में करीब 300 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
धनतेरस पर सबसे अधिक उत्साह सराफा बाजार में देखने को मिला। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ सिक्कों की भी खूब बिक्री हुई। महिलाओं ने अपनी पसंद के आभूषण खरीदे तो कई परिवारों ने परंपरा के अनुसार चांदी के सिक्के और अन्य शुभ वस्तुएं घर ले जाना पसंद किया। सोने-चांदी की कीमतों के बावजूद ग्राहकों के उत्साह में कोई खास कमी नजर नहीं आई।

ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी धनतेरस का त्योहार कारोबार के लिहाज से बेहद खास रहा। बाइक और कार के शोरूम पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। कई लोगों ने पहले से बुक कराए गए वाहनों की डिलीवरी ली तो तमाम परिवारों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर नए वाहन खरीदकर अपने घर खुशियां लाईं। शोरूम में वाहनों की डिलीवरी का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
बर्तन बाजार में भी खरीदारी का उत्साह देखते ही बना। स्टील, पीतल, तांबा और अन्य धातुओं के बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, मोबाइल और अन्य घरेलू उपकरणों की बिक्री ने भी कारोबार को गति दी। सजावटी सामान, फर्नीचर और घरेलू जरूरतों की वस्तुओं की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ रही।

व्यापारियों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
धनतेरस पर उमड़ी भीड़ से जिले के छोटे-बड़े व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। फुटकर दुकानदारों से लेकर बड़े शोरूम संचालकों तक को अच्छे कारोबार की उम्मीद पूरी होती दिखाई दी। बाजारों में बढ़ी भीड़ के चलते कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन भी प्रभावित रहा। ग्राहकों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही से देर शाम तक बाजार गुलजार रहे।
कुल मिलाकर धनतेरस का पर्व जिले के व्यापारिक जगत के लिए बड़ी सौगात लेकर आया। करीब 300 करोड़ रुपये के अनुमानित कारोबार ने यह साफ कर दिया कि महंगाई और बदलती आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद त्योहारों पर खरीदारी को लेकर लोगों का उत्साह बर करार है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें