Saturday, 31 October 2026 | Lucknow | 29°C

UP में मिठाई दुकानों पर FSDA का बड़ा छापा, 9 खाद्य प्रतिष्ठानों का कारोबार कराया बंद

UP News: शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत प्रदेश के छह प्रमुख शहरों में मिठाई की दुकानों और खाद्य निर्माण इकाइयों पर सघन जांच की गई। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई।
Bureau
Bureau News Desk
31 Oct 2026
04:54 PM
1 min read
UP में मिठाई दुकानों पर FSDA का बड़ा छापा, 9 खाद्य प्रतिष्ठानों का कारोबार कराया बंद
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
9 प्रतिष्ठानों का कारोबार बंद; 655 किलो खाद्य सामग्री जब्त
त्योहारों से पहले योगी सरकार का 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान तेज
मिठाइयों में गंदगी, कॉकरोच और प्रतिबंधित रसायनों के इस्तेमाल का खुलासा
कानपुर और गोरखपुर में मिली गंदगी

UP News: त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) का निरीक्षण अभियान तेज हो गया है। 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत प्रदेश के छह प्रमुख शहरों में मिठाई की दुकानों और खाद्य निर्माण इकाइयों पर सघन जांच की गई। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई। कहीं मिठाइयां गंदे फर्श पर रखी मिलीं तो कहीं कॉकरोच, मक्खियां, चूहों की गंदगी और मकड़ी के जाले पाए गए। गंभीर अनियमितताओं के चलते नौ प्रतिष्ठानों का कारोबार बंद कराया गया।

विभाग की 69 टीमों ने कानपुर, गोरखपुर, गाजियाबाद, मेरठ, अयोध्या और प्रयागराज में कुल 116 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 149 खाद्य नमूने लिए गए और 96 सुधार नोटिस जारी किए गए। कार्रवाई में 655 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत 4,07,176 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 537 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई, जिसका अनुमानित मूल्य 1,98,230 रुपये है।

कानपुर के न्यू तिवारी स्वीट्स में तैयार मिठाइयों की ट्रे सीधे गंदे फर्श पर रखी मिलीं। लाला दयाराम स्वीट्स में मकड़ी के जाले, कालिख और खराब ड्रेनेज व्यवस्था पाई गई। यहां 19 इकाइयों की जांच कर 26 नमूने लिए गए और 16 नोटिस जारी किए गए। गोरखपुर के धर्मशाला बाजार स्थित कामधेनु स्वीट्स में गंदगी, टूटी दीवारें और कूड़े का ढेर मिला। जांच में प्रतिष्ठान के पास खाद्य कारोबार का लाइसेंस भी नहीं पाया गया। यहां 23 इकाइयों का निरीक्षण कर 17 नमूने लिए गए और 20 नोटिस जारी किए गए।

मेरठ की सम्राट स्वीट्स में जांच के दौरान प्रतिबंधित सैकरिन, कॉस्टिक सोडा और गैर-खाद्य श्रेणी के सोडियम बाइकार्बोनेट के इस्तेमाल का मामला सामने आया। प्रतिष्ठान में ड्रेनेज और कीट नियंत्रण की व्यवस्था भी खराब मिली। गाजियाबाद के तिरुपति फूड्स, अग्रवाल फूड्स और शगुन स्वीट्स में कच्चा माल और तैयार मिठाइयां गंदे फर्श पर रखी मिलीं। कई जगह कॉकरोच और कीड़े पाए गए। यहां तीन प्रतिष्ठानों का कारोबार बंद कराया गया। अयोध्या के राम नरेश स्वीट्स और संजय यादव स्वीट हाउस में भी गंदगी, मक्खियां, चूहों की गंदगी और दूषित पानी के बीच खाद्य सामग्री का भंडारण पाया गया।

प्रयागराज में आठ टीमों ने 18 खाद्य इकाइयों का निरीक्षण कर 14 नमूने लिए और 15 सुधार नोटिस जारी किए। हालांकि, यहां किसी प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित नहीं किया गया। एफएसडीए अधिकारियों के मुताबिक अभियान का उद्देश्य मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में स्वच्छता सुनिश्चित करना है। विभाग ने कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। नियमों की गंभीर अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Explore Related Topics

UP Food Safety Raid FSDA UP Shuddh Hi Shubh Hai Campaign

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News