>गुरुग्राम में एक युवक द्वारा गाय को मांस वाला मोमोज खिलाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो के बाद धार्मिक भावनाएं आहत होने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया गया है।
>न्यू कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय ऋतिक चांदना पर आरोप है कि उसने गाय को चिकन मोमोज खिलाया और पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो सामने आने के बाद गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता न्यू कॉलोनी पहुंचे और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
>गौ रक्षा दल ने सेक्टर 56 थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, युवक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और पैसे कमाने के उद्देश्य से यह वीडियो बनाया।
>जांच में यह भी सामने आया कि यह कृत्य एक अन्य युवक के कहने पर किया गया था। पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। स्थानीय संगठनों ने ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें