हाथरस जिले के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र स्थित ढकपुरा मोहल्ले में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया, जिसमें एक युवक की गर्दन में गोली लग गई। गंभीर हालत में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आगरा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, ढकपुरा मोहल्ले में कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। आरोप है कि झगड़े के बाद एक युवक अपने साथ चार अन्य लोगों को लेकर पहुंचा और फायरिंग कर दी। इसी दौरान सोनू पुत्र रामसिंह की गर्दन में गोली लग गई। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
परिजन घायल सोनू को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, आगरा ले जाते समय खंदौली टोल टैक्स से पहले ही सोनू ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि मामूली विवाद के बाद आरोपी युवक अपने साथ चार बदमाशों को लेकर आया था और आते ही सीधी फायरिंग शुरू कर दी। उनका कहना है कि गोली लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना में एक युवक की गोली लगने से मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें