>मुंबई में एक 21 वर्षीय कॉलेज छात्र को जन्मदिन मनाने के बहाने आग के हवाले करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर रात हुई और CCTV में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
>विनोबा भावे पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस के अनुसार, घायल छात्र की पहचान अब्दुल रहमान मकसूद आलम खान के रूप में हुई है। मंगलवार रात 12 बजे पांच दोस्त अयाज मालिक, अशरफ मलिक और तीन अन्य उसे जन्मदिन मनाने के बहाने कमरे से नीचे बुलाकर बाहर ले गए।
>पीड़ित के भाई के बयान के अनुसार, दोस्तों ने अब्दुल से केक काटने को कहा। उसी दौरान समूह ने उस पर अंडे और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। विरोध करने पर अचानक आरोपियों में से एक ने स्कूटी से निकाला गया ज्वलनशील पदार्थ उसकी ओर फेंक दिया।
>पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, CCTV फुटेज में अब्दुल के कपड़ों में आग पकड़ते हुए स्पष्ट दिखाई देता है। फुटेज में वह अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए नजर आ रहा है, जबकि सभी आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं।
>स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अब्दुल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। उसके शरीर का बड़ा हिस्सा जल चुका है और वह अब भी उपचाराधीन है।
>CCTV और गवाहों के आधार पर मुंबई पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें 29 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
जांच अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना को कथित रूप से "मस्ती" के रूप में अंजाम दिया गया था। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इसके पीछे किसी तरह की रंजिश या व्यक्तिगत विवाद का पहलू तो मौजूद नहीं था।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें