Ambedkar Nagar News: जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्कूलों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति और निपुण टास्क फोर्स की बैठक में शिक्षक प्रशिक्षण, बाल वाटिका, ऑपरेशन कायाकल्प और विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में शिक्षकों का प्रशिक्षण 91 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने बाकी बचे शिक्षकों का प्रशिक्षण भी जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का काम समय से पूरा कराया जाए, ताकि शिक्षकों को इसका लाभ मिल सके। इसके साथ ही,डीएम ने ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए जिले के सभी विद्यालयों को निर्धारित 19 पैरामीटर से संतृप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में तय नियमों के हिसाब से जरूरी सुविधाएं पूरी कराई जाएं।
निर्माण में देरी पर डीएम ने जताई नाराजगी
बैठक में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय नरहरपुर की प्रगति पर भी चर्चा हुई। निर्माण कार्य की धीमी गति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही नवंबर महीने में निर्माण कार्य पूरा कर विद्यालय को संबंधित विभाग को सौंपने को कहा।
डीएम ने ऐसे 10 स्कूलों की सूची मांगी, जहां बच्चों की उपस्थिति कम रहती है साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों में बच्चों की रोजाना उपस्थिति पर ध्यान दिया जाए। साथ ही पढ़ाई की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस), बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और सभी खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें