Thursday, 05 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP Electricity News: दिवाली से छठ तक नहीं होगी बिजली कटौती, शहर से गांव तक मिलेगी 24 घंटे बिजली

UP Electricity News: प्रदेश में धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान लोगों को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा।
Bureau
Bureau News Desk
05 Nov 2026
03:38 PM
1 min read
UP Electricity News: दिवाली से छठ तक नहीं होगी बिजली कटौती, शहर से गांव तक मिलेगी 24 घंटे बिजली
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
ऊर्जा विभाग ने त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के दिए निर्देश
प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों को किया अलर्ट
खराबी दूर करने के लिए तैयार रहेंगी मरम्मत टीमें
1912 हेल्पलाइन की होगी निगरानी

UP Electricity News: उत्तर प्रदेश में धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान लोगों को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। त्योहारों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने शहर से लेकर गांव तक निर्बाध बिजली आपूर्ति करने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने बिजली विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं को लगातार बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

शक्तिभवन मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिजली आपूर्ति की समीक्षा की गई। इस दौरान रणवीर प्रसाद ने डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक बिजली कटौती न हो। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी आने पर उसे कम से कम समय में ठीक किया जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में मरम्मत टीमें तैयार रखी जाएं। ट्रॉली ट्रांसफार्मर की पहले से जांच करने और बिजली विभाग के कर्मचारियों को फोन पर उपलब्ध रहने के निर्देश भी दिए गए।

ऊर्जा विभाग के अध्यक्ष ने अवर अभियंताओं से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक को नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिये हैं। अधिकारियों को ट्रांसफार्मर और फीडर का लोड जांचने, ढीले तारों को ठीक कराने और झुके बिजली के खंभों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। घरों की छतों के पास से गुजरने वाले बिजली के तारों को भी निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित करने को कहा गया है। मेलों और सार्वजनिक आयोजनों वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बिजली शिकायतों के समाधान के लिए डिस्कॉम मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर 1912 की लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक नितीश कुमार ने स्कूलों के ऊपर से गुजरने वाले बिजली के तारों को निर्धारित समय में हटाने के निर्देश दिए हैं।

Explore Related Topics

UP Electricity News UP Power Supply No Power Cut in UP

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News