>काशी में वॉलीबॉल के राष्ट्रीय महाकुंभ का आगाज 4 जनवरी को होने जा रहा है। सिगरा स्टेडियम में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन समारोह में स्टेडियम में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
>यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता सिगरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 4 जनवरी से 11 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। चैंपियनशिप में देशभर से कुल 58 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 30 पुरुष और 28 महिला टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के अलावा रेलवे और सेना की संयुक्त टीम भी हिस्सा लेगी, जिसमें थल, जल और नभ सेनाओं के खिलाड़ी शामिल होंगे।
>उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ के सचिव सुनील कुमार तिवारी के अनुसार, प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहली बार सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 1984 के बाद यह चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह है।
>इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कुल 1044 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें 540 पुरुष और 504 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। आयोजन में स्विट्जरलैंड से अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ के आब्जर्वर भी मौजूद रहेंगे, जो प्रतियोगिता की निगरानी करेंगे।
>आयोजन समिति के अध्यक्ष और वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी ने जानकारी दी कि सिगरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को लेकर साई और उत्तर प्रदेश खेल विभाग के बीच एमओयू प्रस्तावित है। साथ ही प्रतियोगिता के लिए नंदी और डॉलफिन को खेल शुभंकर के रूप में जारी किया जा चुका है।
>राष्ट्रीय स्तर के उद्घाटन समारोह में विभिन्न खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्व और अन्य गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का यह आयोजन 11 जनवरी को समापन के साथ संपन्न होगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें