UP News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने से पहले मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर करारा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में फर्जी मतदाताओं के नाम जुड़वाए जा रहे हैं। इस मामले में भाजपा की चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 55,584 फर्जी वोटर जुड़वाए गए हैं। अगर उनकी शिकायतों पर नजरअंदाज किया गया तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी। श्री यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी के जरिए चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। सपा मुखिया ने मतदाता सूची से नाम गायब होने के मुद्दे पर भी सवाल खड़े किये।
श्री यादव ने कहा कि चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार लगभग 2.5 करोड़ पात्र मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने की बात कही है। अखिलेश ने सवाल करते हुए कहा कि दोनों आंकड़ों के बीच अंतर क्यों है? सही जानकारी कौन दे रहा है? सपा प्रमुख ने फॉर्म-6 में 22 गुना वृद्धि होने का दावा करते हुए फर्जी वोटर जोड़ने की आशंका जताई। कहा कि सपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मतदाता सूची की निगरानी कर रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने बुलडोजर कार्रवाई के दौरान हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए सरकार का घेराव किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में पीड़ित परिवारों को पर्याप्त सहायता नहीं मिल रही है। उन्होंने पांच लाख रुपये की सहायता दिए जाने का जिक्र करते हुए अर्जुनगंज हादसे के पीड़ितों को मदद देने और रायबरेली की घटना में कार्रवाई करने की मांग की।
अखिलेश यादव ने पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि सरकार को राजनीतिक और धार्मिक विवादों की जगह रोजगार, निवेश और आम जनता की आर्थिक परेशानियों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि सपा अयोध्या के लोगों के साथ खड़ी है और पीडीए की सरकार बनाने का दावा किया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें