UP Politics: गणतंत्र दिवस को पीसीएस पद से इस्तीफा दे चर्चा में आए अलंकार अग्निहोत्री ने अब उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को चुनावी चुनौती देने का ऐलान किया है। अलंकार ने स्पष्ट किया है कि ब्रजेश पाठक आगामी विधानसभा चुनाव में जिस भी सीट से चुनाव लड़ेंगे, वह भी उसी सीट से उनके खिलाफ ताल ठोकेंगे। फिलहाल ब्रजेश पाठक लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से विधायक हैं।
अलंकार अग्निहोत्री ने ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दों और प्रदेश में हुई विभिन्न आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि समाज से जुड़े संवेदनशील मामलों में सरकार और राजनीतिक नेतृत्व ने अपेक्षित तरीके से आवाज नहीं उठाई। उन्होंने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। इस बीच अलंकार ने सोशल मीडिया पर एक पोल भी शुरू किया है। इसमें उन्होंने उपमुख्यमंत्री और अपना नाम शामिल करते हुए लोगों से पूछा है कि वे दोनों में से किसे अपना समर्थन देंगे।
प्रशासनिक सेवा छोड़कर राजनीति में आए अलंकार अग्निहोत्री ने 'राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा' नाम से पार्टी बनाई हुई है। इसी के बैनर तले वह 2027 के विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी की ओर से संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति को लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं। पार्टी ने शुरुआती चरण में 40 विधानसभा सीटों के लिए नामों की सूची भी जारी की है। इसमें शामिल नामों को संभावित प्रत्याशी बताया गया है। ऐसे में आगामी चुनाव को लेकर संगठन अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटा है।
कौन हैं पूर्व PCS अलंकार अग्निहोत्री?
मूल रूप से कानपुर के रहने वाले अलंकार अग्निहोत्री ने आईआईटी बीएचयू से बीटेक की पढ़ाई की है। उन्होंने लगभग 10 साल तक आईटी सेक्टर में काम किया और फिर सिविल सेवा में प्रवेश किया। 2019 बैच के पीसीएस के रूप में उन्होंने लखनऊ, उन्नाव और बलरामपुर सहित कई जिलों में एसडीएम के पद पर सेवाएं दीं। बाद में उन्हें बरेली का सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया। 26 जनवरी को यूजीसी के नए नियमों, प्रयागराज माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और बटुकों से जुड़े विवाद के विरोध में अलंकार अग्निहोत्री ने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। इसके बाद उनके खिलाफ निलंबन और जांच की प्रक्रिया शुरू हुई। मंडलायुक्त स्तर से जांच रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संभावना भी बनी हुई है। अब अलंकार अग्निहोत्री ने राजनीति में सक्रिय होकर विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें