UPPSC New Chairman: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। 1995 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) के महानिदेशक और उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (एसएसएफ) के डीजी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। आईपीएस जनवरी 2027 में रिटायरमेंट होंगे, लेकिन इससे पहले उन्हें आयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका कार्यकाल 23 जनवरी 2029 तक निर्धारित किया गया है।
यूपीपीएससी के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त हो गए थे। उनके पद छोड़ने के बाद आयोग के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अशोक कुमार वर्मा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था। नए अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए कार्मिक विभाग ने अक्टूबर महीने में आवेदन आमंत्रित किए थे। इस पद के लिए 60 से अधिक आवेदन मिलने की जानकारी सामने आई थी। अध्यक्ष पद की दौड़ में आलोक सिंह के अलावा हाल ही में सेवानिवृत्त हुए आईएएस अफसर दीपक कुमार और अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी मीना के नाम भी चर्चा में थे। आखिरकार शासन ने आईपीएस आलोक सिंह के नाम पर मुहर लगा दी।

आलोक सिंह 1995 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले हैं। उनका पुलिस सेवा का लंबा अनुभव रहा है। जनवरी 2020 में उन्हें गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इसके अलावा आलोक सिंह कानपुर जोन में ADG, मेरठ रेंज में IG और कानपुर में SSP एवं IG जैसे अहम पदों पर भी कार्य कर चुके हैं। मई 2026 में उन्हें डीजी रैंक पर पदोन्नति मिली थी।
आईपीएस आलोक सिंह की नियुक्ति के बाद उत्तर प्रदेश की सरकारी भर्ती से जुड़ी चारों प्रमुख संस्थाओं के अध्यक्ष अब पुलिस सेवा के अधिकारी होंगे। इससे पहले ही तीन भर्ती संस्थाओं की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारियों के पास थी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी सत्यनारायण साबत हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की कमान पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार संभाल रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजीपी अधिकारी एसबी शिरडकर हैं। अब यूपीपीएससी में भी आईपीएस अधिकारी की नियुक्ति होने से यह व्यवस्था पूरी हो गई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें